बागबेड़ा जलापूर्ति योजना को लेकर प्रशासन सख्त, जनवरी 2027 तक हर हाल में काम पूरा करने का निर्देश

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए। बागबेड़ा जलापूर्ति योजना के शेष बचे कार्यों को जनवरी 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया है। उपायुक्त ने दो टूक कहा कि कार्य में किसी भी तरह का अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एनओसी के लिए बेहतर समन्वय: विभिन्न विभागों से मिलने वाले अनापत्ति प्रमाण पत्रों से जुड़े मामलों में लगातार फॉलोअप करने को कहा गया है ताकि कागजी प्रक्रियाओं की वजह से योजनाएं बाधित न हों।
​साप्ताहिक समीक्षा: सभी मल्टी विलेज स्कीम की हर हफ्ते नियमित समीक्षा होगी और आ रही बाधाओं का तुरंत समाधान निकाला जाएगा।
​शौचालय निर्माण में तेजी: स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सुस्त पड़े शौचालय निर्माण की गति को तेज करने और पात्र परिवारों तक इसका लाभ पहुंचाने के लिए क्षेत्रवार कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया गया है।
​स्वच्छता और कचरा प्रबंधन: बागबेड़ा और शहर से सटे अन्य ग्रामीण इलाकों में कचरा उठाव व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है।
​बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता समेत जिला और प्रखंड समन्वयक उपस्थित रहे। प्रशासन का यह कदम ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को समय पर और प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

Share This Article