डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गई। नेशनल हाईवे पर एक ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर उससे जा टकराई। इस भीषण टक्कर में चार साल की एक मासूम बच्ची और एक अन्य युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
ओवरटेक की कोशिश बनी मौत की वजह
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शनिवार सुबह पटहेरवा थाना क्षेत्र के लबनिया गांव के पास फोरलेन पर हुआ। बस इतनी रफ्तार में थी कि आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की जल्दबाजी में वह सीधे उससे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का बायां हिस्सा आगे से लेकर बीच तक पूरी तरह से परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर दौड़े आसपास के स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बस के टूटे हुए शीशों के रास्ते अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
मृतकों की पहचान
इस भयानक हादसे में जान गंवाने वालों में केबिन में बैठी 4 साल की मासूम कुमारी नंदनी (पुत्री पवन कुमार, निवासी तरया लक्षिराम, थाना तरयासुजान) और एक 35 वर्षीय अज्ञात युवक शामिल हैं, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत नजदीकी पीएचसी (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) में भर्ती कराया।
ये यात्री हुए घायल
अमृता देवी (34) – रामकोला चट्टी, तमकुहीराज
गोपाल थापा (39) और संदेश मयाली (39) – गुरौरादा, जिला जापा (नेपाल)
करुणा (21) – रामपुर, उदयपुर (नेपाल)
धीरेंद्र शाह (36) – कमालपुर, पारू, मुजफ्फरपुर
कुणाल कुमार (38) व शत्रुघ्न कुमार (43) – डुमरी, सीतामढ़ी
मुन्नीलाल कुशवाहा (50) – तरया लक्षिराम, तरयासुजान
आरती शाह (21) – ब्रह्मपुर, मोतीपुर, मुजफ्फरपुर
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

