डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया:पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपित दिलीप राय को सोमवार सुबह पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मार गिराया गया। पुलिस के अनुसार, बंगाल-बिहार सीमा के पास गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान आरोपित ने पुलिस दल पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
गोलीबारी में पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, रायगंज थाने की एक विशेष टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि इस जघन्य हत्याकांड का मुख्य आरोपित दिलीप राय बंगाल-बिहार सीमा से लगे परारपुकुर घाट इलाके में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस वहां छापेमारी करने पहुंच गई। जैसे ही पुलिस की गाड़ी मौके पर रुकी, आरोपित ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में पुलिस वाहन के टायर में भी गोली लगी, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दिलीप राय को गोली लग गई। पुलिस तुरंत उसे रायगंज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से सीमावर्ती इलाकों में सनसनी फैल गई है।
तीन दिन बाद जंगल से मिला था शव
यह पूरा मामला तब सामने आया जब गत गुरुवार को रायगंज के अब्दुलघाटा जंगल से एक लापता नाबालिग लड़की का सड़ा-गला शव बरामद हुआ था। मृतका के परिजनों ने पहले ही उसके लापता होने की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। शव मिलने के बाद जांच में दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान तेज कर दिया था। जांच में यह भी सामने आया कि बच्ची तीन तारीख को लापता हुई थी और पांच तारीख को उसका शव मिला था।
स्थानीय लोगों और संगठनों ने की पुलिस कार्रवाई की सराहना
इस भीषण घटना को लेकर स्थानीय नागरिकों और विभिन्न संगठनों में गहरा आक्रोश व्याप्त था। हिंदू जागरण मंच के संयोजक सौमित्र दे ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ बढ़ते अपराध चिंता का विषय हैं और ऐसे मामलों में सख्त संदेश देना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हत्या के बाद शातिर आरोपित ने मृतका के पिता से ही उसे तलाश कर वापस लाने के नाम पर पैसे ऐंठे थे। उन्होंने पुलिस और स्थानीय सांसद की भूमिका की सराहना करते हुए इस कार्रवाई को न्याय की दिशा में एक जरूरी कदम बताया है। रायगंज पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

