पलामू। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पलामू जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और छठ घाटों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, एसपी कपिल चौधरी और नगर निगम आयुक्त ने सिंगरा स्थित अमानत नदी छठ घाट का निरीक्षण किया।
घाट की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छठ घाट की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, रोशनी, गोताखोरों की तैनाती और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इसके साथ ही घाट तक पहुंचने वाले रास्तों की स्थिति और वाहनों की पार्किंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता
प्रशासन का मुख्य उद्देश्य छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो। इसके लिए घाटों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
महिलाओं की सुरक्षा पर रहेगा विशेष ध्यान
पलामू एसपी ने बताया कि जिले के सभी छठ घाटों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। खासकर महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
जाम से निपटने के लिए बनेगा विशेष ट्रैफिक प्लान
भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए अलग से ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है। साथ ही वाहनों की पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

