गया में विराजमान है भगवान सूर्य का अद्भुत परिवार, सात घोड़ों के रथ पर एक साथ देते हैं दर्शन; जानिए मंदिरों की अनोखी मान्यता

Reena Sharma
4 Min Read

गया जी। बिहार का गया शहर केवल पितृपक्ष और पिंडदान के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी प्राचीन धार्मिक विरासत और ऐतिहासिक मंदिरों के लिए भी विश्वभर में प्रसिद्ध है। इसी धार्मिक नगरी के ब्राह्मणी घाट पर भगवान सूर्य की एक ऐसी अद्भुत और प्राचीन प्रतिमा विराजमान है, जिसे एशिया की सबसे बड़ी और दुर्लभ सूर्य प्रतिमाओं में से एक माना जाता है। करीब पांच फुट से अधिक ऊंची इस प्रतिमा की खासियत यह है कि भगवान भास्कर यहां अकेले नहीं, बल्कि अपने पूरे परिवार के साथ सात घोड़ों के रथ पर विराजमान हैं।

गया में तीन स्वरूपों में विराजमान हैं भगवान सूर्य

गया जी की धार्मिक विशेषता बेहद अनूठी है। यहां भगवान सूर्य के तीन अलग-अलग स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। पितामहेश्वर में उत्तरायण सूर्य, सूर्यकुंड में दक्षिणायन सूर्य और ब्राह्मणी घाट में मध्याह्न कालीन भगवान विरंची के रूप में भगवान भास्कर विराजमान हैं। ये तीनों मंदिर पंचकोशी गया जी तीर्थ क्षेत्र में स्थित हैं। मान्यता है कि इन तीनों स्वरूपों के दर्शन से श्रद्धालुओं को विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।

सूर्योदय की पहली किरण से होता है भगवान सूर्य का अभिषेक

पितामहेश्वर मंदिर की सबसे खास मान्यता यह है कि सुबह सूर्योदय के समय सूर्य की पहली किरण सीधे मंदिर में स्थापित भगवान सूर्य की प्रतिमा पर पड़ती है। श्रद्धालु इसे एक अलौकिक और चमत्कारिक संयोग मानते हैं। मंदिर के समीप स्थित सरोवर में छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उदयीमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं।

सात घोड़ों के रथ पर पूरे परिवार के साथ विराजमान हैं भगवान भास्कर

ब्राह्मणी घाट स्थित सूर्य मंदिर की प्रतिमा अपनी बनावट और धार्मिक विशेषता के कारण बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। यहां भगवान सूर्य सात घोड़ों के रथ पर सवार हैं। प्रतिमा में उनके साथ पत्नी संज्ञा, पुत्र शनि और यम, देवियां उषा एवं प्रत्यूषा तथा सारथी अरुण भी मौजूद हैं। पुजारी मनोज कुमार मिश्र के अनुसार, पूरे परिवार के साथ भगवान सूर्य की इस तरह की प्रतिमा अत्यंत दुर्लभ है। उनका कहना है कि ऐसी प्रतिमा विश्व में भी विरले ही देखने को मिलती है।

सूर्यकुंड में सदियों से चली आ रही अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा

गया के सूर्यकुंड में स्थापित भगवान भास्कर की प्रतिमा का भी विशेष धार्मिक महत्व है। यहां सदियों से अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा चली आ रही है। छठ महापर्व के दौरान सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु सूर्यकुंड पहुंचकर भगवान सूर्य की आराधना करते हैं। मान्यता है कि सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने पर आरोग्य, संतान सुख और मनोकामनाओं की प्राप्ति होती है।

सतयुग काल से जुड़ी है सूर्य मंदिर की स्थापना की मान्यता

पुजारी मनोज कुमार मिश्र बताते हैं कि शास्त्रों के अनुसार मंदिर की स्थापना सतयुग काल में हुई थी। भगवान सूर्य के 12 नामों में से एक भगवान विरंची की यहां प्राचीन प्रतिमा स्थापित है। प्रतिमा में भगवान सूर्य के दाहिनी ओर पुत्र शनि, बाईं ओर यम, चरणों के पास पत्नी संज्ञा और सारथी के रूप में अरुण विराजमान हैं। वहीं उषा और प्रत्यूषा की प्रतिमाएं भी विशेष आकर्षण का केंद्र हैं।

धार्मिक आस्था, प्राचीन इतिहास और अद्भुत शिल्पकला का संगम है गया का सूर्य मंदिर। यही वजह है कि छठ महापर्व के दौरान इन मंदिरों में श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ उमड़ती है। गया की यह अनमोल धार्मिक धरोहर न केवल बिहार, बल्कि देश की प्राचीन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की भी पहचान है।

Share This Article