डिजिटल डेस्क।मिरर मीडिया: झारखंड राज्य स्थापना दिवस, 2026 और सरकार की दूसरी वर्षगांठ के जश्न को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। इसे लेकर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला स्तरीय कार्यक्रमों और स्थापना दिवस पखवाड़ा की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार, इस वर्ष स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत 15 नवंबर 2026 को ‘Run For Cleanliness’ के साथ होगी।
15 नवंबर को सुबह 7 बजे से होगी मैराथन की शुरुआत
जिला मुख्यालय में 15 नवंबर को सुबह 07 बजे महाराणा प्रताप चौक से ‘Run For Cleanliness’ को हरी झंडी दिखाई जाएगी। यह दौड़ विभिन्न मार्गों से होते हुए स्वर्णरेखा छठ घाट पहुंचेगी, जहां सुबह 08 बजे घाट की साफ-सफाई के साथ इसका समापन किया जाएगा। इस अनूठी पहल के जरिए प्रशासन का उद्देश्य एक तरफ जहां स्वच्छता का संदेश देना है, वहीं छठ महापर्व के मद्देनजर घाटों की सफाई को भी जनआंदोलਨ का रूप देना है। जिला मुख्यालय के अलावा सभी नगर निकायों और प्रखंडों में भी प्रमुख चौक-चौराहों से इस स्वच्छता दौड़ का आयोजन किया जाएगा।
17 से 24 नवंबर तक मचेगी सांस्कृतिक धूम, होंगे कई मुकाबले
स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत 17 से 24 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर विभिन्न रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें मुख्य रूप से खेलकूद प्रतियोगिताएं, नाटक और नृत्य-संगीत के कार्यक्रम, निबंध लेखन और अन्य बौद्धिक प्रतियोगिताएं शामिल है।
राज्य स्तर पर जलवा बिखेरने का मौका
जिला स्तर पर चयनित होने वाले बेहतरीन प्रतिभागियों और टीमों को 26 व 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके बाद 28 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में इन सभी विजेता प्रतिभागियों और टीमों को सम्मानित किया जाएगा।
खेलगांव में सजेगा भव्य मेला और प्रदर्शनी
रांची के खेलगांव में 26 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले मेला-सह-प्रदर्शनी की तैयारियों को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। इस प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के स्टॉल के साथ-साथ हर जिले का एक विशेष स्टॉल और नवाचार पर आधारित स्टॉल भी लगाए जाएंगे। उपायुक्त ने पूर्वी सिंहभूम जिले के स्टॉल को सबसे बेहतरीन ढंग से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, जिसके माध्यम से जिले के विशिष्ट उत्पादों, प्रमुख पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
28 नवंबर को मुख्य समारोह: परिसंपत्तियों का होगा वितरण
राज्य सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को खेलगांव, रांची में भव्य मुख्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान कई विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा, साथ ही योग्य लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा। उपायुक्त ने सभी जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारियों को आपसी तालमेल बनाकर समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि इस ऐतिहासिक आयोजन में पूर्वी सिंहभूम जिले की सक्रिय और शानदार भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

