सूर्य की पहली किरण के साथ छठ महापर्व का समापन, देवघर के घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

Reena Sharma
4 Min Read

देवघर। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। महापर्व के अंतिम दिन अहले सुबह से ही देवघर शहरी क्षेत्र से लेकर आसपास के ग्रामीण इलाकों तक विभिन्न नदी, तालाबों और छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह की पहली किरण के साथ व्रतियों ने भगवान भास्कर को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की। इस दौरान छठी मइया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

घाटों पर आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था देखते ही बन रही थी। देर रात से ही घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने एक-दूसरे के बीच प्रसाद वितरण किया और पारण के साथ अपना 36 घंटे का निर्जला उपवास संपन्न किया।

सेठ सूरजमल जालान पार्क में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

देवघर के बम्पास टाउन स्थित सेठ सूरजमल जालान पार्क में छठ पूजा सेवा समिति की ओर से आयोजित पूजा में बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु शामिल हुए। पार्क परिसर स्थित तालाब के घाट पर व्रतियों ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। घाट पर छठ पूजा की पारंपरिक छटा देखते ही बन रही थी। श्रद्धालु अपने-अपने दौरा, सूप, फल और पूजन सामग्री के साथ भगवान भास्कर की आराधना करते नजर आए। छठी मइया के पारंपरिक गीतों और भक्ति संगीत से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।

राष्ट्रीय नारायणी सेना ने श्रद्धालुओं के लिए की निःशुल्क चाय की व्यवस्था

छठ महापर्व के अवसर पर सामाजिक सेवा का भी सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। राष्ट्रीय नारायणी सेना, देवघर की ओर से श्रद्धालुओं के लिए घाट के मुख्य द्वार के बाहर निःशुल्क चाय की व्यवस्था की गई थी। संगठन के कार्यकर्ता अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं को चाय वितरित कर सेवा कार्य में जुटे रहे। छठ जैसे लोक आस्था के महापर्व पर पूजा-अर्चना के साथ
सामाजिक संगठनों की ओर से की गई इस सेवा ने आपसी सहयोग, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

बम्पास टाउन तालाब घाट पर पारंपरिक विधि-विधान से हुआ अर्घ्यदान

बम्पास टाउन स्थित तालाब घाट पर व्रतियों ने पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। घाट पर पूजा की पारंपरिक व्यवस्था और श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने महापर्व की भव्यता को और बढ़ा दिया। दौरा, सूप, फल और पारंपरिक प्रसाद के साथ व्रतियों ने छठी मइया की आराधना की श्रद्धालुओं के बीच सेवा और सहयोग का भाव भी देखने को मिला।

श्रद्धा, भक्ति और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ महापर्व

इस तरह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही देवघर में चार दिवसीय छठ महापर्व श्रद्धा, भक्ति और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। घाटों पर उमड़ी भीड़, छठी मइया के पारंपरिक गीतों और सामाजिक संगठनों के सेवा कार्यों ने पर्व की धार्मिक एवं सामाजिक महत्ता को दर्शाया।

Share This Article