नई दिल्ली। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और झारखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान राज्यसभा सांसद बैजनाथ राम और स्थानिक आयुक्त अरवा राजकमल ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उद्योग निदेशक विशाल सागर ने भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में झारखंड की गौरवशाली विरासत, समृद्ध संस्कृति और राज्य के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान
इस अवसर पर स्थानिक आयुक्त अरवा राजकमल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव और प्रेरणा के प्रतीक हैं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और राज्य के प्रति समर्पण, साहस, स्वाभिमान और संघर्ष की भावना को आत्मसात करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इन आदर्शों के साथ एक सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।
झारखंड की विरासत और विकास के संकल्प को दोहराया
अरवा राजकमल ने कहा कि झारखंड का 26वां स्थापना दिवस अपनी गौरवशाली विरासत पर गर्व करने के साथ-साथ राज्य के विकास और समृद्धि के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा के विचार और उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने राज्य की पहचान, गौरवशाली इतिहास और विकास की दिशा में सामूहिक प्रयासों के महत्व को भी रेखांकित किया।
वाहन चालकों को उपहार और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान स्थानिक आयुक्त अरवा राजकमल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से झारखंड भवन के वाहन चालकों को उपहार और स्मृति चिह्न भेंट किए। उन्होंने भवन के कार्यों में वाहन चालकों के योगदान, समर्पण और सक्रिय सहभागिता की सराहना की।
जनजातीय नृत्य और लोकगीतों से जीवंत हुई झारखंड की संस्कृति
कार्यक्रम में झारखंड के जनजातीय समुदाय के कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और लोकगीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से झारखंड की समृद्ध जनजातीय परंपरा, लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक देखने को मिली। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में झारखंड की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को विशेष रूप से प्रदर्शित किया।

