डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: अगर आप आने वाले दिनों में इस रेलखंड से सफर करने का प्लान बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दक्षिण-पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में होने वाले ट्रैक रखरखाव और आधुनिकीकरण के कार्यों ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रोलिंग ब्लॉक के चलते 23 से 29 नवंबर तक रेल परिचालन पर बड़ा असर पड़ने जा रहा है, जिससे रोजाना सफर करने वालों, नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को भारी असुविधा झेलनी पड़ेगी।
किन यात्रियों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर?
रेलवे के इस ब्लॉक का सबसे सीधा असर उन दैनिक यात्रियों पर पड़ेगा जो कामकाज या पढ़ाई के लिए मेमू ट्रेनों पर निर्भर हैं। एक तरफ जहां पांच जोड़ी मेमू ट्रेनें अलग-अलग तारीखों में पूरी तरह बंद रहेंगी, वहीं कुछ ट्रेनों के सफर को बीच रास्ते में ही रोक दिया जाएगा। इसके अलावा, लंबी दूरी की कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट बदलने और उन्हें देरी से चलाने का फैसला भी लिया गया है, जिससे यात्रियों का समय और सफर दोनों प्रभावित होंगे।
रद्द रहने वाली मेमू ट्रेनों की सूची
आसनसोल-आद्रा-आसनसोल मेमू: 23 से 29 नवंबर तक रद्द रहेगी।
आद्रा-भागा-आद्रा मेमू: 23 से 29 नवंबर तक नहीं चलेगी।
आद्रा-मिदनापुर-आद्रा मेमू: 24, 27 और 29 नवंबर को रद्द रहेगी।
आद्रा-बाराभूम-आद्रा मेमू: 23, 25, 26 और 28 नवंबर को परिचालन बंद रहेगा।
आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल मेमू: 24, 27 और 29 नवंबर को रद्द रहेगी।
आंशिक रूप से रद्द रहने वाली ट्रेनें
टाटानगर-आसनसोल-बाराभूम मेमू (68056-68060): 24, 26, 27 और नवंबर को यह ट्रेन आद्रा स्टेशन तक ही जाएगी और वहीं से वापस रवाना होगी।
आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल मेमू: 26 नवंबर को आद्रा से ही शुरू और समाप्त होगी। इस दिन आद्रा-पुरुलिया-आद्रा खंड में ट्रेन का संचालन नहीं होगा।
बदले हुए मार्ग और देरी से चलने वाली ट्रेनें
टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस: 23, 25 और 28 नवंबर को यह ट्रेन अपने नियमित मार्ग के बजाय चांडिल-गुंडा बिहार-मुरी होते हुए चलाई जाएगी।
खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस: 26 नवंबर को खड़गपुर से अपने तय समय से 60 मिनट देरी से रवाना होगी।
बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस: 24, 27 और 29 नवंबर को इसे 45 से 60 मिनट तक नियंत्रित कर चलाया जाएगा।

