आधी रात वास्तु विहार में धधकी आग, धमाके के डर के बीच लोगों ने हटाईं गाड़ियां, दमकल पर उठे सवाल

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित वास्तु विहार आवासीय परिसर में रविवार देर रात लगी आग ने सोसाइटी के लोगों को खासा डरा दिया। आधी रात के बाद अचानक उठी लपटों और धुएं से परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जिसके चलते कई लोग नींद से जागकर बाहर निकल आए। इस घटना में वाहनों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है, हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।

रहवासियों की तत्परता ने रोका बड़ा नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देर रात एक शेड और गैरेज के पास खड़ी गाड़ी से धुआं निकलते दिखा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें तेज होने पर आसपास के लोगों को इंजन फटने या बड़े धमाके की आशंका सताने लगी। इसी बीच स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए आग के करीब खड़ी अन्य गाड़ियों को वहां से हटाया और बाल्टी व अन्य साधनों से पानी डालकर खुद ही आग बुझाने में जुट गए। रहवासियों की इस सक्रियता से आग को पास के घरों और बाकी वाहनों तक फैलने से रोकने में मदद मिली।

वाहनों को नुकसान, वजह को लेकर अलग-अलग दावा

वाहनों को हुए नुकसान और आग लगने की संभावित वजहों को लेकर अलग-अलग जानकारियां सामने आई हैं। एक ओर जहां दो कारों के पूरी तरह जलने और एक अन्य कार को आंशिक क्षति पहुंचने की बात कही गई है, वहीं कहा जा रहा है कि शेड के नीचे खड़ी एक सफेद कार के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने का जिक्र है। आग लगने के पीछे कचरे के ढेर से उड़ी चिंगारी की आशंका जताई गई है।

दमकल सेवा को लेकर सोसाइटी में नाराजगी
घटना के दौरान वास्तु विहार के लोगों में अग्निशमन व्यवस्था को लेकर खासी नाराजगी दिखी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि आग लगने के बाद हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की गई और सूचना देने के बावजूद मौके पर दमकल की गाड़ी नहीं पहुंची। लोगों का आरोप है कि कॉल रिसीव न होने और दमकल के न पहुंचने के कारण उन्हें खुद ही हालात संभालने पड़े, जिससे वाहनों का काफी हिस्सा जल गया।

Share This Article