जमशेदपुर : साकची टीबी अस्पताल के हेड क्लर्क संजय कुमार तिवारी ने अपने सरकारी क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम भेजा गया है। पुलिस उनके आत्महत्या करने के कारणों का पता लगा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर जिला के सिविल सर्जन और स्वास्थ्य विभाग के कई वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार घटना के समय घर पर केवल संजय तिवारी की मां थी और घर पर कोई नहीं था। उनकी पत्नी माया अपने काम से गोविंदपुर गई थी। मां ने जब अपने बेटे को फांसी से लटका पाया तो आस-पास के लोगों को बुलाया और टीबी अस्पताल जाकर जानकारी दी। अस्पताल के कर्मचारी वहां पहुंचे जिसके बाद पत्नी को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि सोमवार की सुबह संजय घर से काम के लिए निकले और दोपहर में खाना खाने के लिए घर आए थे। कुछ ही देर बाद उनकी मां ने बेटे को फंदे से लटका हुआ पाया।