जमशेदपुर : रविन्द्र भवन सभागार साकची में हिन्दू नव वर्ष को लेकर आज निकाले जाने वाले जुलूस को लेकर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की ब्रीफिग उपायुक्त विजया जाधव व वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एम तमिल वणन द्वारा की गई। मौके पर पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, एसडीएम धालभूम, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर तथा अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। मौके पर प्रतिनिुक्त दण्डाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी को टैगिंग करते हुए उनके दायित्वों व प्रतिनियुक्ति स्थल से अवगत कराया गया।
उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि शांतिपूर्ण वातावरण में जुलूस संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन तत्पर है तथा इस संबंध में सभी आवश्यक तैयारियां की गई है। जिलेवासियों से भी परस्पर सहयोग अपेक्षित है। उन्होने अपील करते हुए कहा कि त्योहार को सौहाद्रपूर्ण वातावरण में मनाएं। सभी प्रतिनियुक्त जोनल दण्डाधिकारी, दण्डाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी के पास कार्यनुभव है, सिर्फ एक्टिव मोड में रहने की जरूरत है। अपना मोबाइल हमेशा ऑन रखेंगे, ब्रीफिंग से जो अनुपस्थित रहे उनपर कार्रवाई जाएगी। ड्रोन कैमरा व वीडियो कैमरा का बैटरी बैकअप जरूर रखें तथा सभी गतिविधि पर बारीक नजर रखें। जुलूस तय समय पर खत्म हो इसके लिए जुलूस के आगे तथा पीछे से स्कॉर्ट कर रही टीम आपस में समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करेगी, ताकि लोगों को सही गाइडेंस मिल सके। जिलेवासियों से भी अपील है कि राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अक्षरश: अनुपालन कराने में प्रशासन का सहयोग करें।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि व्हाट्सएप या अन्य सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ऐसे में जिलेवासियों से भी अपील है कि अनावश्यक बिना पुष्टि किए हुए मैसेज को फॉर्वर्ड नहीं करें। सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल जुलूस के वापस अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचने तथा वरीय पदाधिकरी के निर्देश के बाद ही अपने प्रतिनियुक्ति स्थल से विमुक्त होंगे। यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होने निदेशित किया कि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, ट्रेन के यात्री तथा सभी जरूरतमंदों को उचित व्यवस्था बनाते हुए आगे बढ़ने के लिए जगह देंगे। प्रतिनियुक्त स्थल छोड़कर कोई भी पदाधिकारी व पुलिस बल दूसरे जगह नहीं जाएं, खाना तथा पेजयल की व्यवस्था नियत समय पर उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होने जुलूस में शामिल लोगों से भी अपील किया कि जिला प्रशासन को सहयोग करें, ताकि शांतिपूर्ण वातावरण में राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अनुपालन कराते हुए जुलूस संपन्न कराया जा सके।

