बेटियों को भी सेना में भर्ती होने का मिल रहा अवसर: प्रो.डॉ.शुक्ला माहांती

Anupam Kumar
4 Min Read

रांची। युवा आयाम, भारतीय शिक्षण मंडल, झारखंड प्रान्त द्वारा भारत के अमर शहीद सरदार भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान दिवस पर 23 मार्च से 31 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। इसी क्रम में इस वर्ष 23 मार्च 2022 से युवा संकल्प सप्ताह का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत युवा आयाम की झरखंड प्रान्त की इकाई द्वारा 31 मार्च, 2022 को एकदिवसीय विदुषी महिला संगोष्ठी का ऑनलाइन माध्यम से संचालन किया गया। इस वेबिनार की मुख्य अतिथि सह मुख्य वक्ता कोल्हान विश्वविद्यालय चाईबासा, झारखंड के पूर्व कुलपति प्रो. (डॉ.) शुक्ला माहांती ने कहा कि महिलाओं, बेटियों और विशेषकर युवा बालिकाओं के सेना में भर्ती होने के अवसर उलब्ध हो रहें हैं। एनसीसी को महाविद्यालय स्तरों पर मजबूत कर उनके हाथों में भी राष्ट्र रक्षा प्रहरी का बागडोर थमायें। यह अमर शहीद सरदार भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के प्रति सच्ची श्रध्दांजलि होगी। उन्होनें शहीदों के सपनों का भारत बनाने का आह्वान करते हुए वर्तमान परिस्थितियों में युवा बालिकाओं के राह भटकने और तदोपरान्त उनके शोषण की बढ़ती घटनाओं के लिए भी चिंता व्यक्त की। उन्होने महिलाओं को आगाह किया कि क्रांतिकारियों जैसे सजग रहें और शिक्षा प्राप्त कर समझ विकसित करें, तनावमुक्त रहें, आत्महत्या का विचार न आने दें और आधुनिक चुनौतियों का डटकर मुकाबला करें। उन्होंने सादा जीवन, उच्च विचार तथा सामान्य रहन-सहन को स्वस्थ जीवन शैली बताया। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि वाय बी एन विश्वविद्यालय की कॄषि विभाग की एसोसिएट डीन डॉ. अर्पणा शर्मा ने युवा बालिकाओं को नई संभावनाओं को खोजने की सलाह दी। उन्होंने बालिकाओं को शैक्षिक दृष्टिकोण से उच्च व सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा प्रदान की। दूसरी विशिष्ट अतिथि जमशेदपुर महिला महाविद्यालय की प्राध्यापिका डॉ कविता परमार ने युवाओं को नशे की लत त्याग कर आगे बढ़ने की सलाह दी कि उन्हें शहीद भगत सिंह से प्रेरणा लेनी चाहिए जिन्होंने कहा था कि राष्ट्र के लिए मैं अपनी सबसे प्यारी वस्तु का भी त्याग कर सकता हूँ। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति की सराहना करते हुए महिला शिक्षा एवं उसके क्रियान्वयन में भी सभी से सहयोग करने की अपील की है। मंच संचालन और अंत मे शांति पाठ आर टी सी महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापिका डॉ प्रिया पांडेय और धन्यवाद ज्ञापन भारतीय शिक्षा मंडल युवा आयाम झारखण्ड के प्रचार प्रमुख डॉ भारद्वाज शुक्ल ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवम भारतीय शिक्षण मंडल के ध्येय वाक्य के साथ जमशेदपुर महिला महाविद्यालय शिक्षा संकाय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ सुशील कुमार तिवारी ने किया। कार्यक्रम में काफी संख्या में छात्रायें शामिल थीं । वेबिनार में भारतीय शिक्षण मंडल झारखण्ड के अध्यक्ष डॉ रणजीत मिश्रा और युवा आयाम सह प्रमुख प्रोफेसर सुबोध कुमार ने सबका उत्साहवर्द्धन किया। गढ़वा से सुप्रिया कुमारी, राजमोहन, जमशेदपुर से शिवानी, मौमिता गांधी, सपना गुप्ता, पूजा कुमारी, भारती तिवारी, अंजली कुमारी, कुमारी जान्हवी, पल्लवी श्री, आशा कुमारी, प्रियंका कुमारी,,पूजा कुमारी आदि उपस्थित रहीं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *