जमशेदपुर : बिरसानगर थाना व साकची थाना परिसर में रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्यरूप से धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी संदीप कुमार मीणा, जेएनएसी पदाधिकारी कृष्ण कुमार व थाना प्रभारी उपस्थित थे। अनुमंडल पदाधिकारी ने शांति समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि रामनवमी पर्व शांति व सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं। कहीं कोई गड़बड़ी की सूचना मिले तो तुरंत सम्बंधित थाने को अवगत करायें।
राज्य सरकार के दिशा निर्देशों से अवगत कराते हुए बताया गया कि डीजे साउंड या प्री-रिकॉर्डेड गानों के प्रयोग की अनुमति नहीं होगी। साथ ही जुलूस में 100 लोग से ज्यादा शामिल नहीं होंगे तथा एक जगह जुलूस एकत्र होता है तो वहां 1000 से ज्यादा लोगों की संख्या की अनुमति नहीं होगी। उन्होने कहा कि असामाजिक तत्व सोशल मीडिया में अफवाह फैलाने के लिए बिना पुष्टि के खबर डालकर अफवाह फैलाने का काम करते हैं इसलिए इसको लेकर भी सावधान रहना है। सम्बंधित अखाड़ा समिति जुलूस निकाले जाने को लेकर अनुमति लेते समय रुट को भी लिख कर दें। नया रूट का चयन नहीं करें। उन्होंने कहा कि रामनवमी पर्व खुशी का पर्व है। इसलिए खुशी से इस पर्व को मनाएं। किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पंहुचे तथा सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में त्योहार सम्पन्न हो इसका ख्याल रखें, इसके लिए सभी वर्गों का सकारात्मक सहयोग जरुरी है। उन्होंने कहा कि जुलूस में शामिल लोग संयम रखे, कही उत्तेजना वाली स्थिति पैदा नहीं हो इसके लिए जरुरी है कि प्रबुद्ध लोग जुलूस को खुद नियंत्रित करे।