जमशेदपुर : आज सावन का अंतिम सोमवार है। आखिरी सोमवार पर सुबह से ही शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगने लगा। सावन माह में इस बार चार सोमवार पड़े। सभी शिवालयों में अंतिम सोमवारी पर भक्तों ने पूरे उत्साह के साथ बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना किया। सोमवार तड़के से ही शिव मंदिरों में शिव भक्त कोई दूध तो कोई गंगाजल से अभिषेक करता दिखाई दिया। वहीं कई भक्त अपनी मनोकामना की पूर्ति के लिए भगवान शिव को बेल-पत्र, फूल, माला, धतुरा, भांग, काले तिल, फल चढ़ाते दिखाई दिए। शिवलिंग पर रक्षा सूत्र बांधा।
सावन के चौथे सोमवार को खास बनाने के लिए शिवायलों में विशेष तैयारियां की गई है। मंदिरों की साफ-सफाई के साथ-साथ मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। कई मंदिरों में रुद्राभिषेक भी हो रहा है। भोग बनाकर भक्तों के बीच बांटने की भी कई मंदिरों ने तैयारी कर रखी है। छोटा गोविंदपुर के गांधीनगर में शाम के समय भजन कीर्तन का आयोजन किया गया है। जिसके बाद प्रसाद का वितरण किया जाएगा। वहीं राहरगोडा के शिव मंदिर को भी भव्य सजाया गया है। इस मंदिर में आज रात्रि जागरण का भी आयोजन किया जाएगा।