जमशेदपुर : टेल्को थाना अंतर्गत मनीफीट मंडल बस्ती स्थित एक घर में पति-पत्नी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय भूपेंद्र प्रसाद और उसकी पत्नी सविता देवी के रूप में की गई है। दोनों की हत्या धारदार हथियार से की गई है। आज सुबह स्थानीय लोगों ने उसके घर से खून बहता देखा। जिसके बाद लोग हैरत में पड़ गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी। सिटी एसपी के विजय शंकर, थाना प्रभारी अजय कुमार दल बल के साथ पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। माना जा रहा है कि रविवार की देर रात उनकी हत्या की गई है। पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर जब देखा तो अंदर खून ही खून बिखरा था। पति-पत्नी की लाशें पड़ी हुई थीं। ऐसा लगता है कि दोनों की धारदार हथियार और हथौड़ा से हत्या की गई है। जिसके बाद देखने वालों का मजमा लग गया। टेल्को थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर इसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। टेल्को थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने जांच के लिए खून आदि जमा कर लिया है। पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है।
टेल्को में घर से पति-पत्नी का शव बरामद, धारदार हथियार से हत्या, छानबीन में जुटी पुलिस

Leave a comment