सामाजिक सुरक्षा कोषांग से सम्बंधित योजनाओं का उपायुक्त ने की समीक्षा
मिरर मीडिया : सोमवार को समाहरणालय के सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सामाजिक सुरक्षा कोषांग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की गई। जिले में दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ सहज रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यूडी आईडी कार्ड बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इस हेतु दिव्यांगजन अपने आवेदन, कोई भी पहचान पत्र तथा फोटो के साथ प्रखंड अथवा अंचल में आवेदन कर सकते हैं।
उपायुक्त ने कहा कि इस संबंध में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों तथा अंचल अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का सत्यापन कर उसे जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग में यथाशीघ्र भेजने का निर्देश दिया गया है। ताकि संबंधित आवेदनों को राज्य स्तर से अनुमोदित कराकर यूडी आईडी कार्ड निर्गत कराया जा सके।

बैठक में सामाजिक सुरक्षा के तहत प्राप्त विभिन्न पेंशन योजनाओं से संबंधित आवेदनों तथा उसके निष्पादन की समीक्षा की गई। साथ ही राज्य से प्राप्त लक्ष्य तथा उसके विरुद्ध विभागों द्वारा किए गए कार्यों की प्रगति के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पारिवारिक सूची तथा पेंशन से संबंधित आवेदन तथा शिकायतों की पावती आवेदक को उपलब्ध कराएं। साथ ही सेवा के अधिकार अधिनियम का अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों को समय-समय पर सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करने का निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अंचलाधिकारी बाघमारा, झरिया तथा धनबाद उपस्थित रहे।

