मिरर मीडिया : बेकारबांध राजेंद्र सरोवर के बाद अब जल्द ही धनबाद के दो और तालाबों का कायाकल्प होने वाला है। आपको बता दें कि शहर के रांगाटांड़ पंपू तालाब और डीएस काॅलोनी लोको टैंक के सौंदर्यीकरण पर 27 करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे। इसको लेकर नगर विकास विभाग से मंजूरी मिल गई है और जल्द ही काम शुरू होगा। इसका डिजाइन सिंपल एंड साॅलिड एजेंसी ने तैयार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धनबाद नगर निगम ने शहर के छह तालाबों हीरक रोड के राजा तालाब, पंपू तालाब, लोको टैंक, जोड़ा तालाब पतराकुल्ही, गुहीबांध कतरास और मनईटांड़ छठ तालाब का सौंदर्यीकरण करने की योजना बनाई है। लिहाजा पहले चरण में लोको टैंक और पंपू तालाब का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। यह तालाब लगभग 18 एकड़ में फैला हुआ है। तालाब के पानी को साफ करने के लिए दो एसटीपी लगाए जाएंगे। तालाब में गिरने वाले गंदे पानी को साफ किया जाएगा। तालाब के चारों ओर रंग-बिरंगे फूल और स्ट्रीट लाइट लगेगी। तालाब के चारों ओर जागिंग ट्रैक भी बनाया जाएगा। बीच-बीच में फाउंटेन होगा।
दोनों तालाब एलईडी लाइट की रोशनी से जगमग होंगे। ग्रीन पैच और पार्क बनेगा। लेजर फाउंटेन की खूबसूरती दिखेगी। तालाबों के सौंदर्यीकरण से लोगों को मनाेरंजन का एक बेहतर साधन उपलब्ध होगा। यहां नए सिरे से छठ घाटों का निर्माण भी किया जाएगा। दाेनाें तालाब में मार्निंग वाकर्स के लिए ट्रैक होगा। लाेगाें के बैठने के लिए बैंच, प्रवेश और निकास द्वार के साथ पार्किंग की भी व्यवस्था हाेगी। तालाब के अंदर, बाहर सभी स्थानाें पर तरह-तरह के फूल लगाए जाएंगे। बच्चों के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी।