जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद द्वारा प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान के क्रम में आज 19 जनवरी 2023 को पीयूष सिन्हा, अनुमण्डल पदाधिकारी, धालभूम, जमशेदपुर सह कार्यपालक पदाधिकारी, जुगसलाई नगर परिषद के निदेश पर जुगसलाई नगर परिषद व यातायात थाना की संयुक्त टीम के द्वारा नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वीर कुंवर सिंह चौक से बाटा चौक होते हुए जुगसलाई रेलवे फाटक तक प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक, अतिक्रमण, गन्दगी फ़ैलाने वालों के खिलाफ, बिना ट्रेड लाईसेंस के व्यापार करने वालो के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया।

इस क्रम में प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक का इस्तेमाल करने के लिए आर बी प्लास्टिक, कार्ड हाउस, गौरव गारमेंट्स से, अतिक्रमण करने के लिए कैलाश स्टोर, रमी प्लास्टिक, अजय कुमार, सम्पत शाह, बिहार प्लास्टिक, छप्पन भोग व गन्दगी फ़ैलाने वालो आदि से कुल 38400 रूपया जुर्माना वसूला गया। इसमें से केवल कार्ड हाउस, स्टेशन रोड जुगसलाई से कुल 294 किलो ग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया गया।

बता दें कि प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन (संशोधन) के नियम 2021 के अंतर्गत यह स्पष्ट किया गया है कि प्लास्टिक से बने कैरी बैग या उत्पाद जिनकी मोटाई 75 माइक्रोन से कम है व गैर बुना हुआ प्लास्टिक कैरी बैग जो 60 ग्राम प्रति वर्ग मीटर (GSM) से कम है के उपयोग 30 सितम्बर 2021 से प्रतिबंधित है। साथ ही 1 जनवरी 2023 से 120 माइक्रोन की मोटाई से कम के प्लास्टिक के बने कैरी बैग या उत्पादों का आयात,भंडारण, वितरण, बिक्री और उपयोग दंडनीय अपराध है।