
पर्व– त्यौहार: नवरात्र की नवमी तिथि को मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा का विधान है। यह दिन नवरात्र का अंतिम दिन होता है। साथ ही व्रती इस दिन मां दुर्गा की प्रार्थना करके हवन पूजन, कन्या पूजन करते हैं, जो साधक पूरे नौ दिन व्रत नहीं रख पाते हैं, वे पहले और आखिरी दिन व्रत कर सकते हैं। यह समय देवी भक्तों के लिए बेहद खास होता है। क्योंकि यह दिन पूजा के लिए महत्वपूर्ण माना गया है।
सिद्धिदात्री माँ की उपासना पूर्ण कर लेने के बाद भक्तों और साधकों की लौकिक, पारलौकिक सभी प्रकार की कामनाओं की पूर्ति हो जाती है। सिद्धिदात्री माँ के कृपापात्र भक्त के भीतर कोई ऐसी कामना शेष बचती ही नहीं है, जिसे वह पूर्ण करना चाहे। वह सभी सांसारिक इच्छाओं, आवश्यकताओं और स्पृहाओं से ऊपर उठकर मानसिक रूप से माँ भगवती के दिव्य लोकों में विचरण करता हुआ उनके कृपा-रस-पीयूष का निरंतर पान करता हुआ, विषय-भोग-शून्य हो जाता है।
मान्यताओं के अनुसार माता सिद्धिदात्री को हलवा-पूड़ी और चना का भोग लगाना चाहिए। साथ ही इस प्रसाद को कन्याओं और ब्राह्मणों में बांटना बेहद ही शुभ माना गया है। ऐसा करने वाले साधक से मां प्रसन्न होती हैं और उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।