डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : बीती रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सरायकेला-खरसांवा जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के कल्पनापुरी की है। जहां अपराधियों ने युवक को दौड़ा-दौड़ाकर गोली मारी जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना पर आदित्यपुर थाना प्रभारी, गम्हरिया थाना प्रभारी और आरआईटी थाना प्रभारी पहुंचे और पड़ताल में जुट गए।
मृतक की पहचान विवेक सिंह के रूप में की गई है। विवेक सिंह आपराधिक मामलों के आरोपित रहे विक्की नंदी के स्क्रैप का कारोबार देखता था। बता दें कि विक्की नंदी और उसके साथियों ने कदमा में आदित्यपुर राममडैया बस्ती के भोलू कुम्हार की गोली मारकर हत्या दी थी। मामले में विक्की नंदी आरोपित है और मामले में फरार है। बताया जा रहा है कि आदित्यपुर के कल्पनापुरी पहाड़ी के समीप मैदान में विवेक सिंह बैठा हुआ था। एक ही बाइक पर सवार होकर तीन की संख्या में अपराधी मौके पर पहुंचे। विवेक को दौड़ाया और तीन गोलियां मार कर फरार हो गए। मृतक मां-बाप का इकलौता बेटा था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं कॉलोनी के लोगों में आक्रोश है।