वायनाड में लैंडस्लाइड के बाद मरने वालों की संख्या हुई 143 : अभी भी सैकड़ों लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका

KK Sagar
2 Min Read

केरल के वायनाड में लैंडस्लाइड के बाद मरने वालों की संख्या 143 हो गई है। जबकि 128 लोग घायल हुए हैं। बता दें कि केरल के वायनाड जिले में मंगलवार सुबह कई जगहों पर भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड हो गया जिसके बाद यह हादसा हो गया। लैंडस्लाइड से हुए भीषण हादसे में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वहीं सैकड़ों लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका के चलते मृतकों की संख्या बढ़ने का अनुमान है।

वायनाड में भारी बारिश की वजह से रेड अलर्ट जारी किया गया है। बड़ी संख्या में सेना, नौसेना और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के बचाव दल खराब मौसम के बीच पीड़ितों की तलाश कर रहे हैं और पीड़ित लोगों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए कई एजेंसियां ​​मिलकर काम कर रही हैं।

वहीं केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बताया कि पहला लैंडस्लाइड रात दो बजे हुआ, उसके बाद दूसरा लैंडस्लाइड सुबह चार बजकर दस मिनट पर हुआ। उन्होंने बताया कि लोगों को ढूंढने और मदद करने के लिए ड्रोन और डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली जा रही है। इलाके में बारिश की वजह से हालात इतने ज्यादा खराब हैं कि, रेस्क्यू टीम को लोगों के शव निकालने में भी कड़ी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है।

Advertisement
Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....