Dhanbad: धनबाद शिक्षक संघ ने आमरण अनशन का किया ऐलान, 6 अगस्त को रांची कूच

mirrormedia
3 Min Read

मिरर मीडिया, संवाददाता : Dhanbad आज रविवार को अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की धनबाद जिला इकाई की एक आवश्यक बैठक मध्य विद्यालय झारूडीह में जिला अध्यक्ष संजय कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

बैठक में मुख्य रूप से दो विषयों पर चर्चा की गई:

1. बैठक में जिलाध्यक्ष संजय कुमार और महासचिव नंद किशोर सिंह ने 5 अगस्त से मुख्यमंत्री के समक्ष आमरण अनशन सह धरना प्रदर्शन में धनबाद जिले से 6 अगस्त को अधिक से अधिक संख्या में रांची कूच करने का आह्वान किया।

तीन सूत्री मांग:

  • राज्य सरकार के अन्य कर्मियों की भांति ही शिक्षकों के लिए भी MACP को लागू करना।
  • 01/01/2006 के पूर्व नियुक्त शिक्षक/शिक्षिकाओं के लिए छठे वेतनमान में न्यूनतम आरंभिक वेतन ₹16,290 निर्धारित करना।
  • अंतर जिला स्थानांतरण के नियमों का सरलीकरण कर शिक्षकों को अपने गृह जिले में पदस्थापित होने का अवसर प्रदान करना।

2.जिला स्तरीय चुनाव हेतु गठित चुनाव आयोग को सभी अंचल से चयनित प्रतिनिधियों की सूची, अर्थात जिला स्तरीय चुनाव हेतु मतदाता सूची, 11 अगस्त को सौंप दी जाएगी। इसके बाद चुनाव आयोग स्वतंत्र इकाई के रूप में कार्य करते हुए जल्द से जल्द चुनावी प्रक्रिया प्रारंभ कर पुनर्गठन का कार्य निष्पादित करने की दिशा में गतिशील हो जाएगा। ज्ञात हो कि जिले के सभी शैक्षिक अंचलों में पुनर्गठन का कार्य पहले ही पूर्ण हो चुका है।

आज की बैठक में सभी वक्ताओं ने एक स्वर में सरकार की टालमटोल नीति के खिलाफ प्रस्तावित आमरण अनशन कार्यक्रम में धनबाद जिले से कई दर्जन छोटी-बड़ी गाड़ियों से रांची कूच कर अनशन पर बैठे अपने क्रांतिकारी साथियों का हौसला अफजाई करते हुए सरकार को झुकने पर मजबूर करने हेतु संकल्पित भाव से अनशन कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्णय लिया। सभी अंचल अध्यक्ष और सचिव अपने अंचल में कल विचार-विमर्श कर 6 अगस्त को अधिक से अधिक संख्या में रांची कूच कर आंदोलन को सफल बनाने की महती भूमिका निभाएंगे।

आज की बैठक में जिलाध्यक्ष संजय कुमार, महासचिव नंद किशोर सिंह, राजकुमार वर्मा, विनय रंजन तिवारी, शंभू शरण अंबष्ट, रामस्वरूप प्रसाद, अशोक कुमार, मोहम्मद कलामुद्दीन, दिलीप कुमार कर्ण, विजय कुमार, सुरेश चौधरी, सुधीर पाण्डेय, अनवर हुसैन, चुन्नू लाल किस्कू, मोहम्मद जुनैद, धनंजय भदानी, श्रवण कुमार महतो, राकेश लाल, अशोक कुमार वर्मा, मोहम्मद असफाक सिद्दीकी, मुन्ना कुमार, पंकज मंडल समेत सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल थे।

TAGGED:
Share This Article
Follow:
Mirror media digital laboratory Pvt. Ltd. Established February 2019. It is a Social Website channel Releted to News From all over india and Abroad with Reflection of truth. Mirror media is Connecting the people 24x7 and show all news and Views