भाकपा-माले ने जारी किया घोषणा पत्र: झारखंड के हितों की सुरक्षा और जन अधिकारों का वादा

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद में शुक्रवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) भाकपा-माले ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपना घोषणा पत्र (संकल्प पत्र) जारी किया। पार्टी ने अपने इस घोषणा पत्र में झारखंड के विकास, स्थानीयता, रोजगार, जन अधिकारों और झारखंडियों के मूल अधिकारों पर ध्यान केंद्रित करते हुए जनता से किए गए वादों को प्रस्तुत किया। भाकपा-माले के पोलित ब्यूरो सदस्य और पूर्व विधायक आनंद महतो ने कहा कि उनकी पार्टी ने कभी भी जनहित के मुद्दों से समझौता नहीं किया है और झारखंड को अलग राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है।

भाजपा की पराजय निश्चित, कॉरपोरेट कब्जा नहीं होने देंगे – आनंद महतो

पूर्व विधायक आनंद महतो ने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार को निश्चित बताया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी झारखंड में कॉरपोरेट कब्जे को कभी सफल नहीं होने देगी। महतो के अनुसार, वामपंथी नेताओं ने जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हुए किसी भी सरकार या पूंजीपति के साथ कभी समझौता नहीं किया है। उन्होंने कहा कि भाकपा-माले के विधायक, सांसद और कार्यकर्ता हमेशा संघर्षों में जनता के साथ खड़े रहे हैं।

“झारखंड को इडी-सीबीआइ के जाल में फंसा रही है भाजपा”

महतो ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने झारखंड को केंद्रीय एजेंसियों जैसे इडी और सीबीआइ के जाल में बांधकर बंधक बना दिया है। उन्होंने भाजपा पर राज्य के संसाधनों को कॉरपोरेट कंपनियों, विशेषकर अदानी समूह, को सौंपने का आरोप लगाया। महतो ने गोड्डा के बाद हजारीबाग के बड़कागांव क्षेत्र में कोल माइनिंग के जरिए स्थानीय जंगलों और गांवों को हड़पने का आरोप भी लगाया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई महत्वपूर्ण नेता रहे मौजूद

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाकपा-माले के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। इसमें पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य हलदर महतो, राज्य सचिव मनोज भक्त, जिला सचिव बिंदा पासवान, जिला सह सचिव कार्तिक प्रसाद, राज्य सदस्य सम्राट चौधरी, नकुल देव सिंह, राणा चट्टराज, विजय पासवान और करण पासवान शामिल थे। इन सभी नेताओं ने राज्य के हितों और जनता के अधिकारों के लिए पार्टी के संकल्प को दोहराया।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....