मिरर मीडिया संवाददाता, रांची: राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में ठंड का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है। खासकर कांके क्षेत्र में न्यूनतम तापमान गिरकर 3.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बीते 24 घंटे में तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही 4.2 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द हवाओं ने ठंड का असर और बढ़ा दिया है। कांके और उसके आसपास के क्षेत्रों में घास पर बर्फ की हल्की परत देखी गई, जिससे ठंड का अंदाजा लगाया जा सकता है।
शनिवार की सुबह गार्डन गेस्ट हाउस के निदेशक बाबी गार्डन ने मैक्लुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
राजधानी और आसपास के इलाकों में लगातार गिरते तापमान से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोग घरों में अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं। जरूरी काम होने पर ही लोग घर से बाहर निकल रहे हैं।
बेघरों पर बढ़ा सर्दी का असर
ठंड के कारण फुटपाथ पर रहने वाले और बेघर लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कांके क्षेत्र का तापमान आमतौर पर राजधानी के शहरी क्षेत्रों से 2-3 डिग्री सेल्सियस कम रहता है, जिससे वहां ठंड का प्रकोप अधिक देखा जा रहा है।
सावधानी बरतने की अपील
विशेषज्ञों ने तापमान में लगातार हो रही गिरावट को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। घर से बाहर निकलने से पहले गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। बुजुर्गों को सुबह सैर से बचने और बच्चों को पूरी तरह ढककर रखने की हिदायत दी गई है।
पिछले तीन-चार दिनों से कांके का तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे यह क्षेत्र ठंड का केंद्र बन गया है। ऐसे में जरूरी है कि लोग ठंड से बचाव के उपायों को अपनाकर सुरक्षित रहें।

