नई दिल्ली। शनिवार को दिल्ली-एनसीआर के लोग घने कोहरे और बढ़ती ठंड से जूझते नजर आए। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम थी, जबकि बादलों के साथ ठंडी हवाएं चलती रहीं। शाम को हल्की बारिश के बाद ठंड ने और जोर पकड़ लिया।
शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बारिश के बाद गिरकर 7.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 17 डिग्री सेल्सियस रहा।
उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बारिश का असर
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी ने ठंड बढ़ा दी। पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई।
दिल्ली में शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक करीब साढ़े सात घंटे तक घना कोहरा छाया रहा। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह दृश्यता 200 मीटर तक सीमित रही। हालांकि, हवाई सेवाएं बाधित नहीं हुईं, लेकिन कोहरे ने ट्रेनों पर खासा असर डाला। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कई ट्रेनें घंटों लेट हुईं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी का सिलसिला जारी
हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में शनिवार को हल्का हिमपात हुआ। रोहतांग, बारालाचा और कुंजुम जैसे क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। बादल छाए रहने से राज्य के कई हिस्सों में तापमान में 5 से 11 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में भी हिमपात का दौर जारी है। मैदानों में ठंड बढ़ गई है, जबकि मौसम विभाग ने रविवार को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। मैदानी इलाकों में घने कोहरे के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पंजाब और हरियाणा में तेज ठंड और बारिश
पंजाब के छह जिलों में शनिवार को बारिश हुई। तेज हवाओं और बारिश ने ठंडक बढ़ा दी। गुरदासपुर का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा।हरियाणा में भी 10 जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को घने कोहरे का अनुमान जताया है और आरेंज अलर्ट जारी किया है।
बिहार और उत्तर प्रदेश में कोहरे और ठंड का असर
बिहार में कोहरे का प्रकोप जारी है। पटना का न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि डेहरी (रोहतास) सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा।उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को तेज धूप निकली, जिससे दिन में ठंड से कुछ राहत मिली। हालांकि, मौसम विभाग ने रविवार को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले 24 घंटे में उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। साथ ही, कोहरे का प्रकोप भी जारी रहेगा, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना है।