संवाददाता, धनबाद: मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आज सोमवार को संरक्षा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कमल किशोर सिन्हा ने दिसंबर 2024 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 23 कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

पुरस्कृत कर्मचारियों ने धनबाद मंडल के विभिन्न खंडों में संरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण कार्यों को अंजाम दिया, जिनमें रेल फ्रैक्चर, हॉट एक्सल और अन्य तकनीकी समस्याओं का समय पर पता लगाना शामिल था। इनके प्रयासों से रेल परिचालन में संभावित समस्याओं, दुर्घटनाओं और असामान्य घटनाओं को टालने में सफलता मिली।
इस अवसर पर मंडल के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।