डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: देश में HMPV का संक्रमण तेजी से फैलता नजर आ रहा है। असम के गुवाहाटी में इस सीजन का दूसरा मामला सामने आया है। 75 वर्षीय एक महिला में HMPV संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिन्हें गुवाहाटी के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, महिला को आइसोलेशन में रखा गया है, और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से अब तक इस मामले की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अस्पताल प्रशासन ने दी जानकारी
अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया, महिला को कुछ दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नियमित जांच के दौरान HMPV संक्रमण का पता चला।अधिकारी ने यह भी कहा कि मरीज पर लगातार नजर रखी जा रही है और उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जा रही है।
10 महीने पहले दर्ज हुआ था पहला मामला
इससे पहले असम में HMPV संक्रमण का पहला मामला 10 महीने के बच्चे में पाया गया था। लखीमपुर जिले के इस बच्चे का इलाज डिब्रूगढ़ के असम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एएमसीएच) में किया गया था। बच्चे को इस महीने की शुरुआत में भर्ती कराया गया था और अब उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
क्या है ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस?
ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) एक श्वसन संबंधी वायरस है, जो सभी आयु वर्ग के लोगों को संक्रमित कर सकता है। यह संक्रमण मुख्यतः सर्दियों और शुरुआती वसंत के मौसम में अधिक फैलता है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि यह संक्रमण सामान्यतः ज्यादा गंभीर नहीं होता और संक्रमित व्यक्ति आमतौर पर बिना किसी विशेष इलाज के ठीक हो जाते हैं। विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी है।