Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम के डीसी अनन्य मित्तल को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार

Manju
By Manju
2 Min Read


डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : उत्कृष्ट निर्वाचन कार्यों के लिए पहली बार झारखंड को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलेगा। भारत निर्वाचन आयोग ने बेस्ट परफार्मिंग स्टेट के रूप में तीन राज्यों का चयन किया है, जिनमें झारखंड भी सम्मिलित हैं। झारखंड के अलावा महाराष्ट्र और जम्मू कश्मीर का चयन इस कैटैगरी में किया गया है। झारखंड से यह पुरस्कार राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार को मिलेगा। जेनरल कैटेगरी की श्रेणी में पूर्वी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अनन्य मित्तल का चयन राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए किया गया है।

इस श्रेणी में विभिन्न राज्यों के कुल 11 अफसरों का चयन किया गया है। के. रवि कुमार तथा अनन्य मित्तल को यह पुरस्कार 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होनेवाले कार्यक्रम में दिया जाएगा। कार्यक्रम नई दिल्ली स्थित मानकेशां सेंटर में आयोजित किया जाएगा। आयोग ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र भेजकर राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए इन अधिकारियों के चयन की जानकारी दी। साथ ही पुरस्कार ग्रहण के लिए आवश्यक तैयारियों को लेकर निर्देश दिए।

बताते चलें कि पिछले वर्ष हुए लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा कई नवाचार किए गए थे। मतदाताओं को जागरुक करने के लिए इंटरनेट मीडिया पर हैशटेग अभियान चलाया गया था। मतदाता सूची पुनरीक्षण में भी झारखंड ने बेहतर प्रदर्शन किया था, जिसके तहत मतदाता सूची में त्रुटियां शून्य स्तर पर लाने का प्रयास किया गया था। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा चलाए जानेवाले जागरुकता के कारण लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत खासकर महिला मतदाताओं के मतदान प्रतिशत में वृद्धि हुई थी। लोकसभा और विधानसभा चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण संपन्न कराया गया था। किसी भी मतदान केंद्र पर दोबारा पोल की आवश्यकता नहीं पड़ी थी।

Share This Article