डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: श्रीलंका की जेल से रिहा हुए छह भारतीय मछुआरे गुरुवार को चेन्नई एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। ये मछुआरे उस दल का हिस्सा थे, जिनकी हाल ही में श्रीलंकाई नौसेना ने गिरफ्तारी की थी।
श्रीलंकाई नौसेना द्वारा गोलीबारी और गंभीर चोटें
बीते दिनों श्रीलंकाई नौसेना ने 13 भारतीय मछुआरों को पकड़ा था। इस दौरान उन पर गोलीबारी भी की गई थी, जिसमें दो मछुआरे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना को लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय ने कड़ा विरोध जताया था, और श्रीलंकाई उच्चायुक्त को दिल्ली में तलब किया गया था।
श्रीलंकाई नौसेना की सफाई
इस मामले पर श्रीलंकाई नौसेना के चीफ ने बुधवार को सफाई देते हुए कहा था कि गोली गलती से चली थी। उन्होंने संदेह के आधार पर भारतीय मछली पकड़ने वाले जहाज पर कब्जा करने की बात भी स्वीकार की, क्योंकि वह जहाज श्रीलंकाई जलक्षेत्र में घुसने के बाद क्षेत्र छोड़ने के निर्देश का पालन नहीं कर रहा था।
भारतीय दूतावास की मदद और सरकार का बयान
जाफना में भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने घायल मछुआरों का हालचाल जानने के लिए अस्पताल का दौरा किया और मछुआरों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता देने की प्रतिबद्धता जताई। भारतीय सरकार की ओर से कहा गया कि मछुआरों पर बल का प्रयोग किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है।