डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की है। लगभग 27 साल बाद भाजपा को दिल्ली की सत्ता में वापसी मिल रही है। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) को करारी शिकस्त मिली है, यहां तक कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी सीट भी नहीं बचा सके।
चुनावी नतीजों के मुताबिक, भाजपा 48 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि आम आदमी पार्टी महज 22 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। अब तक भाजपा 8 सीटें और AAP 9 सीटें जीत चुकी है। यह परिणाम दिल्ली की राजनीति में बड़ा बदलाव लेकर आया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया आभार, कहा – जनशक्ति सर्वोपरि
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट डाली। पीएम मोदी ने लिखा,”जनशक्ति सर्वोपरि। विकास जीता, सुशासन जीता।”
पीएम ने दिल्ली के मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा, दिल्ली के अपने सभी भाई-बहनों को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मेरा वंदन और अभिनंदन! आपने जो भरपूर आशीर्वाद और स्नेह दिया है, उसके लिए आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत आभार। दिल्ली के चौतरफा विकास और यहां के लोगों का जीवन उत्तम बनाने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे, यह हमारी गारंटी है। इसके साथ ही हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली की अहम भूमिका हो।
पीएम मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत की भी सराहना की और कहा कि यह जीत उनकी कड़ी मेहनत और जनता के विश्वास का नतीजा है।
AAP को तगड़ा झटका, कई दिग्गज नेता हारे
चुनाव में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता अपनी सीटें बचाने में नाकाम रहे। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन और शहरी विकास मंत्री सौरभ भारद्वाज चुनाव हार गए हैं। इस हार के बाद आम आदमी पार्टी के भविष्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दिल्ली की सत्ता पर लंबे समय से काबिज AAP के लिए यह सबसे बड़ा राजनीतिक झटका साबित हुआ है।
भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल
दिल्ली में भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। भाजपा दफ्तरों में जश्न का माहौल है और कार्यकर्ता पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर जीत का जश्न मना रहे हैं।
दिल्ली में भाजपा की इस शानदार वापसी से आने वाले राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अब देखना होगा कि भाजपा दिल्ली के विकास के लिए किन नए कदमों की घोषणा करती है।