धनबाद मंडल में व्यापक टिकट चेकिंग अभियान, 876 यात्री पकड़े गए

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद, 15 फरवरी 2025 – धनबाद रेल मंडल में बिना टिकट यात्रा पर सख्ती बरतते हुए बड़े पैमाने पर टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। 14 फरवरी को धनबाद-कोडरमा खंड में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में विशेष टिकट चेकिंग अभियान आयोजित किया गया। इसके अलावा, चन्द्रपुरा, डाल्टनगंज, चोपन, बरकाकाना और सिंगरौली स्टेशनों पर भी गहन जांच अभियान चलाया गया।

इस अभियान के दौरान कुल 876 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के सफर करने वाले और बिना बुक किए गए सामान के साथ यात्रा कर रहे यात्री शामिल थे। इन यात्रियों से कुल 4,44,435 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए और उन्हें कड़ी हिदायत दी गई।

रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह के जांच अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाना है, ताकि अधिक से अधिक यात्री वैध टिकट लेकर यात्रा करें। साथ ही, उचित टिकट लेने वाले यात्रियों को असुविधा से बचाया जा सके। चेकिंग टीमों ने विभिन्न स्टेशनों के अलावा मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी सघन जांच की।

Advertisement

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी अमरेश कुमार ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे, जिससे रेलवे की राजस्व हानि को रोका जा सके और यात्री सेवाओं को और अधिक सुचारु बनाया जा सके।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....