संवाददाता, धनबाद: धनबाद मंडल रेल अस्पताल के स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शनिवार को भव्य शताब्दी वर्ष समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धनबाद मंडल की ऐतिहासिक विरासत और विकास यात्रा को याद किया गया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक कमल किशोर सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, धनबाद मंडल की अध्यक्षा गरिमा सिन्हा, संगठन की अन्य सदस्याएं, मंडल के उच्चाधिकारी, चिकित्सक, अतिथि और कर्मचारी उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान धनबाद मंडल रेल अस्पताल के 100 वर्षों के ऐतिहासिक सफर को दर्शाने वाली एक विशेष फोटो प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे मंडल रेल प्रबंधक और अतिथियों ने अवलोकन किया।
मुख्य अतिथि कमल किशोर सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा,”आज का यह अवसर हम सभी के लिए गर्व, प्रेरणा और संकल्प का प्रतीक है। धनबाद मंडल रेल अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराना हमारा उद्देश्य है।”

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं, जिसमें मंडल के कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने भाग लिया। समारोह ने धनबाद मंडल रेल अस्पताल के गौरवशाली इतिहास और भविष्य की चिकित्सा सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाया।