संवाददाता, मिरर मीडिया: कर्नाटक के कोप्पल जिले में गुरुवार रात एक भयावह घटना घटी, जहां तीन अज्ञात हमलावरों ने दो महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़ितों में एक 27 वर्षीय इजरायली पर्यटक और दूसरी स्थानीय होमस्टे संचालक शामिल हैं। इस जघन्य अपराध ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
सैर के दौरान हमला, पुरुष यात्रियों को नहर में धकेला
घटना उस समय हुई जब पीड़ित महिलाएं अपने तीन अन्य साथी यात्रियों के साथ नहर किनारे प्राकृतिक नज़ारे का आनंद ले रही थीं। तभी तीन हमलावर वहां पहुंचे और पहले पुरुष यात्रियों को निशाना बनाया। दो यात्री तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन ओडिशा के बिबाश पानी के तेज बहाव में डूब गए। उनका शव दो दिन बाद बरामद किया गया।
आरोपियों ने की लूट और फिर किया दुष्कर्म
पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने पहले पैसे की मांग की, लेकिन जब यात्रियों ने देने से इनकार कर दिया, तो वे आक्रामक हो गए। हमलावरों ने पुरुषों को जबरन नहर में फेंक दिया और महिलाओं को अपनी हवस का शिकार बनाया।
मामले की जांच तेज, आरोपियों की तलाश जारी
कोप्पल जिले के पुलिस अधीक्षक राम एल. अरासिद्दी ने बताया कि इस मामले में सामूहिक दुष्कर्म, हत्या के प्रयास और लूटपाट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। अपराधियों को पकड़ने के लिए छह विशेष टीमें गठित की गई हैं।