डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: अप्रैल के आते ही देश में गर्मी ने दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी दी है कि इस साल भीषण गर्मी पड़ने वाली है। आईएमडी के अनुसार, अप्रैल से जून तक तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। खासतौर पर मध्य और पूर्वी भारत तथा उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में अधिक गर्मी पड़ सकती है।
लू का प्रकोप रहेगा जारी
मौसम विभाग ने कहा कि इस बार देश के अधिकांश हिस्सों में लू चलने की संभावना है, हालांकि पश्चिमी और पूर्वी भारत के कुछ क्षेत्रों को इससे राहत मिल सकती है। अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रह सकता है, जिससे गर्मी का असर ज्यादा महसूस होगा।
न्यूनतम तापमान भी रहेगा सामान्य से अधिक
आईएमडी प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने जानकारी दी कि इस साल न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर और पूर्वी भारत, मध्य भारत तथा उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों के अधिकांश हिस्सों में अप्रैल से जून तक सामान्य से दो से चार दिन अधिक गर्मी पड़ने की संभावना है।
गर्मी के दिनों की संख्या होगी अधिक
आमतौर पर भारत में अप्रैल से जून तक चार से सात दिन भीषण गर्मी पड़ती है। लेकिन इस साल उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी के दिनों की संख्या दोगुनी हो सकती है। सामान्य तौर पर इन क्षेत्रों में मौसम के दौरान पांच से छह दिन गर्मी पड़ती है, लेकिन इस बार यह संख्या और अधिक हो सकती है।
इन राज्यों में पड़ेगी भीषण गर्मी
आईएमडी के अनुसार, इस साल राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक एवं तमिलनाडु के उत्तरी हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ेगी। लोगों को सावधानी बरतने और गर्मी से बचने के उपाय करने की सलाह दी गई है।