डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर भारत ने एक और कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले स्थित अराकू वैली डिग्री कॉलेज में ‘योग – महा सूर्य वंदनम’ कार्यक्रम के तहत लगभग 20,000 आदिवासी छात्रों ने एक साथ 108 बार सूर्य नमस्कार कर नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।
13,000 से अधिक बालिकाओं ने लिया भाग
इस ऐतिहासिक आयोजन में 13,000 से अधिक लड़कियों सहित कुल 20,000 प्रतिभागियों ने लगभग दो घंटे तक सूर्य नमस्कार किए। यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य और योग की दृष्टि से प्रेरणादायक रहा, बल्कि आदिवासी समुदाय की भागीदारी ने इसे विशेष बना दिया।
वर्ल्ड रिकॉर्ड यूनियन से मिली आधिकारिक मान्यता
कार्यक्रम को लंदन वर्ल्ड रिकॉर्ड्स यूनियन की प्रबंधक एलिस रेनॉड ने आधिकारिक रूप से मान्यता दी। उन्होंने जिला कलेक्टर दिनेश कुमार को प्रमाण पत्र सौंपते हुए कहा, “मैं आज रात 20,000 छात्रों द्वारा सूर्य नमस्कार का प्रदर्शन देखने के लिए यहां आई थी। यह एक नया विश्व रिकॉर्ड है जो आज स्थापित हुआ है। मैं उन्हें दिल से बधाई देती हूं।”
यह भी देखें :
जब बिरसा मुंडा पार्क के पास चला सघन जांच अभियान तो वाहन चालकों ने यूं बदला अपना रास्ता
आदिवासी कल्याण मंत्री ने किया उद्घाटन
आदिवासी कल्याण मंत्री गुम्मादी संध्या रानी ने इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया और स्वयं भी सूर्य नमस्कार में भाग लेकर उपस्थित लोगों को प्रेरणा दी।
पांच महीने की कठिन साधना का नतीजा
इस आयोजन की सफलता के पीछे प्रतिभागियों की पांच महीने की मेहनत है। जिले के पांच मंडलों के छात्र प्रतिदिन सुबह 4 बजे उठकर नियमित रूप से योगाभ्यास कर रहे थे। उनकी सुरक्षा और सेहत को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों की विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई थी।
राष्ट्रीय गौरव का क्षण
यह आयोजन न केवल एक नया विश्व रिकॉर्ड है, बल्कि भारत की योग परंपरा, जनभागीदारी और स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। विश्व स्वास्थ्य दिवस पर यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व की बात है।