मिरर मीडिया : पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव में बड़ा गेम देखने को मिल सकता है। वहीं सोमवार को चंडीगढ़ सेक्टर 9 में अपनी नई पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के कार्यालय में कामकाज करना शुरू कर दिया है। इससे पहले ही पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बड़ा ऐलान करते हुए अपने गठबंधन की बात की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कैप्टन ने कहा कि उनकी पार्टी भारतीय जनता पार्टी और सुखदेव सिंह ढींढसा की पार्टी शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन करेंगे। कैप्टन ने कहा कि हम चुनावी जंग के लिए बिल्कुल मुस्तैद हैं और हमारी पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू हो चुका है।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जिला कार्यकारियां जल्द गठित कर ली जाएंगी। उन्होंने कहा, ‘जीतना हमारा मकसद है और इसमें शक की कोई गुंजाइश नहीं है कि हम जीतेंगे। गठबंधन को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सुखदेव सिंह के साथ सैद्धांतिक तौर पर फैसला हो चुका है अब सीट एडजस्टमेंट करना बाकी है और मैं दोनों पार्टियों से यही अनुरोध करूंगा कि हमारा मकसद सिर्फ चुनाव जीतना होना चाहिए।
पूर्व सीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी जल्द ही भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पंजाब प्रदेशाध्यक्ष के साथ बैठक होनी वाली है। इसके बाद वह शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ मिलकर सीटों के बंटवारे को भी सुनिश्चित किया जाएगा। टिकट आवंटन के बारे में उन्होंने बताया कि ऐसे उम्मीदवार मैदान में उतारे जाएंगे जो जीतने की क्षमता रखते हों।