गर्मी से राहत, लेकिन खेती तबाह: झारखंड में बारिश और ओलावृष्टि बनी मुसीबत

Anupam Kumar
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: बंगाल की खाड़ी में बने पश्चिमी विक्षोभ का असर अब पूरे झारखंड में साफ दिखाई दे रहा है। पिछले एक सप्ताह से राज्य के कई जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। सोमवार को रांची और धनबाद में फिर से तेज गरज और हवाओं के साथ बारिश हुई। इस बदलते मौसम से जहां आम लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

गेहूं, मटर और तरबूज की फसलें चौपट, किसानों को भारी नुकसान

बारिश और ओलावृष्टि का सबसे ज़्यादा असर खेतों में दिख रहा है। गेहूं, मटर, सरसों और तरबूज की तैयार फसलें तबाह हो गई हैं। वहीं सब्ज़ी उगाने वाले किसानों को भी भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है। कई किसान अपने खेतों में तैयार फसल को काट भी नहीं पाए और बारिश ने उसे बर्बाद कर दिया।

यह भी देखें :

रांची में अयोध्या के तर्ज पर बनेगा भव्य राम मंदिर, सीएम हेमंत सोरेन ने किया भूमि पूजन

सब्ज़ियों के दामों में उछाल की आशंका, आम जनता की जेब पर असर

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि आने वाले कुछ दिनों में बारिश की तीव्रता कम हो सकती है, लेकिन ओलावृष्टि के चलते मंडियों में सब्ज़ियों की आपूर्ति पर असर पड़ा है। इससे कीमतों में तेज़ उछाल की संभावना जताई जा रही है। आम जनता की जेब पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।

मौसम विभाग और कृषि विभाग अलर्ट पर

फिलहाल मौसम विभाग और कृषि विभाग की टीमें पूरे राज्य में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे अपनी फसलों की स्थिति का आकलन करें और नुकसान की सूचना संबंधित विभाग को दें, ताकि उन्हें राहत दी जा सके।

Share This Article