डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : दक्षिण बागबेड़ा पंचायत में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की 134 वीं जयंती मनाई गई। सर्वप्रथम सभी लोगों ने बाबा साहेब की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। क्षेत्र के ग्राम प्रधान चुनका मार्डी ने कहा कि बाबा साहेब शिक्षा, न्याय और समानता के बल पर सामाजिक क्रांति की नींव रखने वाले बाबा साहब भीमराव अंबेडकर आजीवन वंचितों के अधिकार के लिए कटिबद्ध रहे। उनके विचार आज भी हम सभी को प्रेरणा प्रदान करते है।
मुखिया धनमुनी मार्डी ने कहा कि बाबा साहेब का संघर्षपूर्ण जीवन हम सब के लिए प्रेरणास्रोत है। भारतीय संविधान के निर्माण में उनका अमूल्य योगदान रहा है। उपमुखिया विनीता देवी ने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान निर्माण में अहम भूमिका निभाने के साथ साथ समाज के दबे कुचले लोगों को अधिकार दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया। आज हम सभी को उनके बताए मार्ग पर चलने की जरूर है। मौके पर बागबेड़ा के ग्राम प्रधान चुनका मार्डी, पंचायत समिति सदस्य सुशील कुमार,मुखिया धनमुनी मार्डी, उपमुखिया विनीता देवी, पूर्व उपमुखिया कुमोद यादव, वार्ड सदस्य बीना देवी, समाजसेवी संदीप विश्वकर्मा,सुबोध शर्मा, नीतीश सिंह, शंकर पंडित सहित स्थानीय लोग मौजूद थे।