झारखंड में तेज बारिश और ओलावृष्टि का खतरा बरकरार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Anupam Kumar
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।मिरर मीडिया: राजधानी रांची समेत झारखंड के कई जिलों में सोमवार को हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। बीते तीन दिनों तक तेज धूप और गर्मी से परेशान लोगों को अब ठंडी हवाओं और गिरे तापमान से राहत मिली है। वर्षा के कारण जहां एक ओर गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर शहर के निचले इलाकों में जलजमाव की समस्या ने लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं।

सड़कों पर भरा पानी, आवागमन हुआ बाधित

बारिश के बाद राजधानी की सड़कों पर नालियों का पानी उफनकर बहने लगा, जिससे दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी हुई। कई निचले इलाकों में पानी जमा हो जाने के कारण आवागमन बाधित हो गया और लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ा।

तेज हवाओं और ओलावृष्टि को लेकर आरेंज अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, बोकारो, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना को देखते हुए इन जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Advertisement

यह भी देखें :

झारखण्ड में बदला मौसम का मिजाज: ओलावृष्टि से फ़सल को भारी नुकसान

पलामू-गढ़वा समेत छह जिलों में यलो अलर्ट

वहीं, 16 और 17 अप्रैल को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा जिलों में तेज हवाओं के झोंकों और मेघगर्जन की आशंका को लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर गरज-चमक के समय घरों में ही रहने की अपील की गई है।

रुक-रुककर हो रही बारिश से बढ़ी ठंड, फसलें प्रभावित

बारिश के चलते जहां तापमान में गिरावट आई है और वातावरण ठंडा हो गया है, वहीं ग्रामीण इलाकों में खड़ी फसलों को नुकसान होने की भी खबरें हैं। रुक-रुककर हो रही वर्षा के कारण खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।

24 घंटे में सबसे अधिक बारिश तोरपा में दर्ज

पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई है। सबसे अधिक वर्षा खूंटी के तोरपा में 24.8 मिमी रिकॉर्ड की गई। तापमान की बात करें तो सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस खूंटी में दर्ज किया गया। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री और न्यूनतम 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

Share This Article