Jamshedpur mock drill :जमशेदपुर में युद्ध जैसे हालात से निपटने की तैयारी, 11 बजे से रेलवे स्टेशन, सोनारी एयरपोर्ट, कम्पनी परिसर व विद्यालयों में सिविल डिफेंस माक ड्रिल

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : भारत-पाकिस्तान के बीच संभावित युद्ध के खतरे को देखते हुए आज, 7 मई बुधवार को देशभर में सिविल डिफेंस माक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। झारखंड के पांच जिलों के छह स्थानों पर होने वाले इस माक ड्रिल में जमशेदपुर भी शामिल है। अन्य स्थान रांची, बोकारो, गोमिया, गोड्डा और साहिबगंज हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर झारखंड सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी संबंधित जिलों के उपायुक्तों को माक ड्रिल के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जमशेदपुर में आज दिन के 11 बजे से रेलवे स्टेशन, सोनारी एयरपोर्ट, कम्पनी परिसर व विद्यालयों में आपदा से निपटने के लिए जागरूकता ड्रिल आयोजित किए जाएंगे। वहीं शाम 4 बजे से सीएच एरिया में मॉक ड्रिल होगा। इस ड्रिल में स्थानीय जिला प्रशासन, सिविल डिफेंस विंग, गृह रक्षा वाहिनी, एनसीसी, राष्ट्रीय सेवा योजना के वॉलंटियर्स, नेहरू युवा केंद्र संगठन के सदस्य और स्कूल-कॉलेज के छात्र हिस्सा लेंगे।


क्या है सिविल डिफेंस माक ड्रिल?
सिविल डिफेंस माक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बजाए जाते हैं। रात में सायरन के बाद क्षेत्र में ब्लैकआउट कर सभी लाइटें बंद की जाती हैं। लोगों को घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने का प्रशिक्षण दिया जाता है। यह अभ्यास युद्ध जैसे हालात में जान-माल की रक्षा के लिए तैयार करता है। यह ड्रिल आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का हिस्सा है। जमशेदपुर में माक ड्रिल की तैयारियों को लेकर उपायुक्त और एसएसपी ने बैठक कर रणनीति तैयार की है। यह अभ्यास स्थानीय प्रशासन और नागरिकों को आपदा प्रबंधन में समन्वय और जागरूकता बढ़ाने में मदद करेगा।

Share This Article