डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : पुरी से हटिया जा रही तपस्विनी एक्सप्रेस पर शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे संबलपुर और रेंगाली स्टेशनों के बीच अज्ञात असामाजिक तत्वों ने पथराव किया। इस हमले में ट्रेन के एसी कोच (B-7) की दो खिड़कियों के शीशे टूट गए, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। घटना के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे, इसलिए कोई चोटिल नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही झारसुगुड़ा स्टेशन पर पहुंचने के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने जांच शुरू कर दी है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पथराव करने वालों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की जा रही है। ट्रेन की टूटी खिड़कियों की मरम्मत झारसुगुड़ा स्टेशन पर की गई, जिसके बाद ट्रेन अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई।
यात्रियों ने इस घटना पर रेलवे प्रशासन और स्थानीय पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एक यात्री ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब इस रूट पर पथराव हुआ है। रेलवे को ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। हाल के महीनों में इस क्षेत्र में ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं बढ़ी हैं, जिसमें मार्च 2025 में पुरी-राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस पर हुआ हमला भी शामिल है।
रेलवे ने दी चेतावनी
रेलवे अधिकारियों ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि ट्रेनों पर पथराव एक गंभीर अपराध है, जिसके लिए दोषियों को सख्त सजा का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने स्थानीय समुदायों से भी अपील की है कि वे ऐसी गतिविधियों को रोकने में सहयोग करें।