बोकारो। पेक नारायणपुर थाना क्षेत्र के कडरूखूंटा गांव में 27 वर्षीय आदिवासी महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास और आरोपी युवक की मौत के मामले को लेकर भाजपा ने हेमंत सरकार पर तीखा पलटवार किया है। भाजपा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार वाउरी, गिरिडीह के पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय और पूर्व जिला अध्यक्ष भरत यादव की अगुआई में भाजपा प्रतिनिधिमंडल सोमवार को पीड़िता के घर पहुंचा और घटना की जानकारी ली।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। आदिवासी मुख्यमंत्री होने के बावजूद सरकार ने इस संवेदनशील मामले में उचित कार्रवाई नहीं की है। भाजपा ने कहा कि मंत्री इरफान अंसारी ने केवल आरोपी के घर जाकर एक विशेष वर्ग के लोगों का मनोबल बढ़ाया है, जबकि पीड़िता की समस्याओं को नजरअंदाज किया गया।
पीड़िता ने बताया कि वह गांव के तालाब में नहा रही थी, तभी पेक गांव निवासी अब्दुल कलाम ने जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, उल्टा निर्दोष लोगों को भी माओवादियों के नाम पर फंसा दिया गया। इस मामले में भाजपा ने सरकार से जल्द न्याय दिलाने की मांग की है।