Bihar:महागठबंधन में सीएम फेस को लेकर सस्पेंस बरकरार, सुधाकर सिंह ने तेजस्वी यादव को लेकर किया बड़ा दावा

Neelam
By Neelam
4 Min Read

बिहार में आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सभी पार्टियां चुनाव की तैयारी में लगी हैं। चुनाव के लिए रणनीति बनाई जा रही है। हालांकि, अब तक महागठबंधन की ओर से सीएम पद के दावेदार की घोषणा नहीं की गयी है। इस बीच विपक्षी महागठबंधन ने हाल ही में पटना में एक अहम बैठक की, जिसमें कई बड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इस बैठक का केंद्रबिंदु रहा कि क्या राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव को महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया जाएगा। बैठक में इस पर आम सहमति तो नहीं बन सकी, लेकिन चर्चा के केंद्र में तेजस्वी ही रहे।

सुधाकर सिंह की सीएम फेस को लेकर बड़ा बयान

महागठबंधन में सीएम फेस को लेकर बरकरार असमंजस के बीच आरजेडी की ओर से बार-बार तेजस्वी यादव को ही सीएम पद का दावेदार बताया जा रहा है। अब बक्सर से आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह ने इंडिया गठबंधन की बैठक पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग पर कोई मतभेद नहीं है। सुधाकर सिंह ने इंडिया गठबंधन में तेजस्वी यादव को सीएम पद के उम्मीदवार के रूप में लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सही समय पर घोषणा कर दी जाएगी। सभी लोग जानते हैं कि सबसे बड़े दल के नेता ही मुख्यमंत्री पद के दावेदार होते हैं। वहीं मुख्यमंत्री बनते हैं।

सीएम पद के लिए किसी और ने नहीं किया दावा-सुधाकर सिंह

सुधाकर सिंह ने कहा कि गठबंधन के दल वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध हैं और दूसरे नेतृत्व को स्वीकार नहीं करेंगे। सुधाकर सिंह ने यह भी कहा कि समय के साथ यह काम भी हो जाएगा, जैसे अन्य सारे काम होते हैं। बिहार के अंदर मुख्यमंत्री के तौर पर तेजस्वी यादव की स्वीकार्यता है और हर सर्वे में यह साफ दिख रहा है। सहयोगी दलों की तरफ से किसी और व्यक्ति का मुख्यमंत्री पद के लिए दावा भी नहीं किया जा रहा है। इसलिए सही समय पर एक प्रक्रिया के तहत यह काम कर लिया जाएगा।

कांग्रेस का रूख साफ नहीं

दरअसल, महागठबंधन के कुछ दल तेजस्वी यादव को बतौर मुख्यमंत्री चेहरा प्रोजेक्ट करने के पक्ष में हैं। उनका मानना है कि तेजस्वी को पिछली बार जनता का समर्थन मिला था और इस बार वह पहले से ज्यादा परिपक्व नेता के तौर पर उभरे हैं। हालांकि कांग्रेस ने अब तक इस पर साफ रुख नहीं अपनाया है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी फिलहाल सीट शेयरिंग के मसले पर अधिक फोकस कर रही है, और मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई सार्वजनिक ऐलान जल्दबाज़ी में नहीं करना चाहती।

महागठबंधन की अब तक तीन बैठकें

गौरतलब है कि महागठबंधन की अब तक तीन बैठकें हो चुकी हैं। पहली बैठक 17 अप्रैल को राजद कार्यालय में हुई थी। इस बैठक में तेजस्वी यादव को को-ऑर्डिनेशन कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया था। दूसरी बैठक 24 अप्रैल को कांग्रेस कार्यालय में हुई थी। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में सीएम फेस पर चर्चा हुई थी। तीसरी बैठक दीघा रिसॉर्ट में हुई थी, जिसका नाम ‘इंडिया गठबंधन संवाद कार्यक्रम’ दिया गया था।

Share This Article