Bihar:बिहार में 21 हजार से ज्यादा सिपाहियों की नियुक्ति, शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने की खाई कमस

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में लगभग 22 हजार सिपाहियों को आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नियुक्ति पत्र सौंपा है। बापू सभागार में हो रहे नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया है। नियुक्त हुए 21,391 सिपाहियों में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं। समारोह में नवनियुक्त सिपाहियों को न केवल कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई, बल्कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनसे आजीवन शराब का सेवन नहीं करने और बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने में सहयोग करने की शपथ भी दिलवाई।

सिपाहियों ने ली जीवन भर शराब नहीं पीने की शपथ

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लागू की गई शराबबंदी नीति एक सामाजिक सुधार की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, और पुलिस बल की इसमें अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि सभी सिपाहियों को इस कानून को ज़मीन पर उतारने में सख्ती और संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र देने और शपथ दिलाने का वीडियो भी जारी किया गया, जिसमें हजारों सिपाही एक स्वर में जीवन भर शराब नहीं पीने की शपथ लेते नजर आए।

नीतीश का पूर्व की सरकार पर तंज

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि सबसे पहले हम लोगों ने तय किया 2013 में की पुलिस में महिलाओं को 35% का आरक्षण दिया जाए। पहले क्या स्थिति थी जो कुछ भी था पहले। 24 नवंबर 2005 को हम आए उसके पहले दूसरे का राज था। पहले क्या स्थिति थी। उस समय पुलिस में सिपाहियों की संख्या 51000 की थी। मात्र 42481 पुलिस कार्यरत थे। हम आए तो देखे कि पुलिस की संख्या कम है। इसलिए हमने संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया। हम आए तो इनकी संख्या 110000 हुई। अभी हम लोगों को और बढ़ाना है। हम लोगों ने पहले कह दिया 229000 इनकी संख्या होनी चाहिए।

सीएम ने मंच से डीजीपी को कही ये बात

इस दौरान सीएम नीतीश कुमार ने 55 हजार अलग ढंग से करने की बात कही है। उन्होंने मंच पर मौजूद डीजीपी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि इसको जल्दी से जल्दी किया जाए। डीजीपी ने भी कहा कि जल्दी किया जाएगा। सीएम नीतीश ने कहा कि अगर इसी महीना कर दीजिएगा तो हमको बड़ी खुशी होगी।

Share This Article