स्कूल के भीतर रची जा रही थी डकैती की साजिश, पुलिस ने चार हिस्ट्रीशीटरों को दबोचा, मास्टरमाइंड भी गिरफ्त में

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: लौहनगरी में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। परसुडीह थाना क्षेत्र में डकैती की एक बड़ी साजिश को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए सभी अपराधी पूर्व में भी कई आपराधिक वारदातों में शामिल रहे हैं।

प्राइमरी स्कूल बना था अपराधियों का ‘अड्डा’
​हैरानी की बात यह है कि अपराधी किसी सुनसान इलाके के बजाय गदड़ा स्थित भूमिज टोला के प्राथमिक विद्यालय परिसर का इस्तेमाल अपनी साजिश के लिए कर रहे थे। बुधवार तड़के सुबह जब पूरा शहर सो रहा था, तब ये अपराधी स्कूल के भीतर बैठकर डकैती की योजना बना रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर इन्हें रंगे हाथों धर दबोचा।

इन अपराधियों की हुई गिरफ्तारी
​पुलिस ने मौके से तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया, जिनकी निशानदेही पर इस पूरी साजिश के ‘मास्टरमाइंड’ को भी दबोच लिया गया।
​रौशन सिंह उर्फ पाका (30): गदड़ा ड्राइवर कॉलोनी, परसुडीह।
​रौशन कुमार उर्फ गोलू बंगाली (23): बारीगोड़ा ग्रामीण बैंक के पास।
​आजाद पाल उर्फ बॉबी पॉल (27): राहरगोड़ा खटाल, परसुडीह।
​शिवनारायण रजक उर्फ चींटू: पुलिस के अनुसार, यही इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड था।

हथियार और जिंदा कारतूस बरामद
​छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से घातक हथियार भी बरामद किए हैं, जो किसी बड़ी अनहोनी का संकेत दे रहे थे। अपराधियों के पास से 1 देशी पिस्तौल, 3 जिंदा कारतूस (7.65 एमएम), 3 विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद किए गए है।

कुल 9 लोगों पर FIR, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
​सिटी एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार के बयान पर कुल नौ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार चार अपराधियों के अलावा कौशल श्रीवास्तव, सौरभ सिंह, करण सिंह, अनूप बंगाली और राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा को भी नामजद किया गया है। पुलिस अब इन अपराधियों के नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके निशाने पर कौन था और इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।

Share This Article