डिजिटल डेस्क/लखनऊ: पद्मश्री हाजी कलीम उल्लाह खान ने मलिहाबाद में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नाम पर आम की नई प्रजाति ‘राजनाथ’ का नामकरण किया है। यह फैसला ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता से प्रेरित है। यह आम 10 इंच लंबा और 700 ग्राम वजनी है, जिसका वजन अभी और बढ़ेगा।
कलीम उल्लाह ने इस प्रजाति के पौधे पर ‘राजनाथ सिंह’ की पट्टिका लगाई है। सात-आठ साल में विकसित इस प्रजाति में इस साल पहली बार फल आए हैं। कलीम उल्लाह का कहना है कि यह आम पकने पर बेहद स्वादिष्ट होगा, जैसा कि राजनाथ सिंह ने देश की रक्षा में मिठास घोली है।
60 साल में 300 से अधिक आम प्रजातियां विकसित करने वाले कलीम उल्लाह ने पहले गृहमंत्री अमित शाह सहित कई हस्तियों के नाम पर आमों का नामकरण किया है। उनके बाग को देखने दूर-दूर से लोग आते हैं। मलिहाबाद के इस अनोखे आम की चर्चा एक्स पर जोरों पर है, जहां लोग इसकी लंबाई और स्वाद की तारीफ कर रहे हैं।