डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात अपराधियों ने बेखौफ होकर एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मानगो के पुराना पुरुलिया रोड का रहने वाला राशिद, जो ‘आदित्य विजन’ शोरूम में काम करता है, हमले का शिकार हुआ।
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात, जब राशिद अपनी शिफ्ट खत्म कर स्कूटी से घर जा रहा था। तभी रास्ते में कार सवार कुछ युवक पहले से घात लगाए बैठे थे। उन्होंने राशिद को रोका और बिना कुछ कहे अचानक धारदार हथियारों (तलवार और चाकू) से उस पर हमला कर दिया। हमले में राशिद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है। हमलावरों की पहचान के लिए इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त सड़क पर इस तरह के हमले से स्थानीय लोगों में काफी डर और नाराजगी है।

