प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बैंकॉक से सीधे श्रीलंका की राजधानी कोलंबो पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कोलंबो के भंडारनायके अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर श्रीलंका के कई मंत्रियों और गणमान्य व्यक्तियों ने उनका स्वागत किया।

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के निमंत्रण पर हो रही इस राजकीय यात्रा के दौरान, पीएम मोदी की अगवानी करने वालों में श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ, स्वास्थ्य मंत्री नलिंदा जयतिसा, श्रम मंत्री अनिल जयंता, मत्स्य मंत्री रामलिंगम चंद्रशेखर, महिला एवं बाल कल्याण मंत्री सरोजा सावित्री पॉलराज और विज्ञान एवं तकनीकी मंत्री क्रिशांथा अबेसेना शामिल थे।

भारी बारिश के बावजूद, कोलंबो की सड़कों पर भारतीय प्रवासी समुदाय का जोश देखते ही बनता था। लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए हवाई अड्डे और होटल के बाहर बड़ी संख्या में जमा थे।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में BIMSTEC शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया और वहीं से श्रीलंका पहुंचे। कोलंबो पहुंचने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “कोलंबो पहुंच गया हूं। हवाई अड्डे पर मेरा स्वागत करने वाले मंत्रियों और गणमान्य व्यक्तियों का आभारी हूं। श्रीलंका में होने वाले कार्यक्रमों की प्रतीक्षा कर रहा हूं।”
इस महत्वपूर्ण यात्रा के दौरान भारत और श्रीलंका के बीच रक्षा सहयोग, विकास परियोजनाओं और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम समझौते होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति दिसानायके से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे।