देवघर : नव वर्ष के प्रथम दिन बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नव वर्ष के विशेष महत्व को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। इसी क्रम में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ ने बाबा मंदिर पहुंचकर विधि-व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम जलार्पण तथा प्रभावी कतार प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने मंदिर कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों की समीक्षा की।
पॉलिथीन एवं थर्मोकॉल के प्रयोग पर रोक
मंदिर प्रांगण एवं आसपास के क्षेत्रों में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उपायुक्त ने अतिक्रमण मुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, पॉलिथीन एवं थर्मोकॉल के प्रयोग पर रोक लगाने तथा इनके स्थान पर दोना-पत्तल, मिट्टी एवं बांस की डलिया के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर के संपर्क पथों को भी अतिक्रमण मुक्त रखने पर विशेष जोर दिया गया।
तैयारियां पूरी
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा संभावित अप्रत्याशित भीड़ को ध्यान में रखते हुए पूर्व से ही सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, जिससे कतारें अनावश्यक रूप से लंबी न हों और श्रद्धालुओं को परेशानी न उठानी पड़े। जिला एवं मंदिर प्रशासन का निरंतर प्रयास रहा कि बाबा धाम पहुंचे देवतुल्य श्रद्धालुओं को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
अंत में उपायुक्त ने नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए जिलावासियों से विधि-व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, मुख्य प्रबंधक रमेश परिहस्त, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, बाबा मंदिर थाना प्रभारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित मंदिर प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

